रामनवमी पर भड़काऊ भाषण देने के मामले में अरेस्ट। सरेंडर के बाद काजल को पुलिस ने हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गुजरात में ऊना पुलिस ने काजल हिंदुस्तानी को गिरफ्तार कर लिया है। काजल पर आरोप है कि उन्होंने रामनवमी के मौके पर भड़काऊ भाषण दिया था, जिसके बाद ऊना में सांप्रदायिक तनाव बना रहा। काजल हिंदुस्तानी को पुलिस को कई दिनों से तलाश कर रही थी। ऊना पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हिंदुस्तानी ने रविवार सुबह ऊना में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
सरेंडर के बाद काजल को पुलिस ने हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दरअसल काजल हिंदुस्तानी विश्व हिंदू परिषद (विहिप) द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में नियमित रूप से शामिल होती रही हैं। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट के बायो में काजल ने खुद को एक राष्ट्रवादी भारतीय बताया है।
मालूम हो कि विहिप द्वारा बीते 30 मार्च को रामनवमी के मौके पर आयोजित एक सभा में काजल हिंदुस्तानी पर कथित रूप से भड़काऊ भाषण देने का आरोप लगा। भाषण के दो दिन बाद दो अप्रैल को हिंदुस्तानी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
काजल हिन्दुस्तानी के भाषण के बाद हुआ था पथराव
पुलिस का कहना है कि काजल हिंदुस्तानी के भाषण देने के बाद दो दिन तक ऊना में सांप्रदायिक तनाव बना रहा। इस दौरान दो समुदायों के बीच झड़प की खबरें सामने आईं और एक अप्रैल की रात पथराव भी हुआ। पुलिस ने दंगा करने के आरोप में भीड़ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी और 80 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया था।
काजल हिंदुस्तानी कौन है ?
काजल हिन्दुस्तानी खुद को एक सामाजिक कार्यकर्ता, राष्ट्रवादी, उद्यमी और रिसर्चर बताती है। सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहने वाली काजल की छवि राइट विंगर की है। ट्विटर, फेसबुक पर वो अपने वीडियो भी पोस्ट करती रहती हैं, जिसमें उन्हें हिंदुत्व के मुद्दे पर बोलते देखा गया है। वहीं सोशल मीडिया पर काजल के 92,000 से अधिक फॉलोअर्स हैं। काजल को विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेते देखा गया है।